छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश पंडाल के पास डीजे की आवाज बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार, 14 सितंबर की शाम हुई. पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल बना हुआ था. इसी के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी मौजूद थे. साउंड सिस्टम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार चार से पांच वार किए.
हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान आकाश सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष, पिता अंशु सूर्यवंशी के रूप में हुई है. आरोपी अमन सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी बताया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखवाया है और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं.
नशे की लत के पहलू की भी जांच
शुरुआती पूछताछ में विवाद की वजह डीजे और साउंड सिस्टम बताई गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और पहले नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के अनुसार, आरोपी के परिजन उसे पहले कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं, लेकिन उसकी लत नहीं छूटी. पुलिस आरोपी से घटना की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
