बिलासपुर जिले में सरकारी कार्यालयों और प्रशासनिक परिसरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्वच्छता महाअभियान चलाया गया. अभियान के दौरान अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक ने खुद झाड़ू-पोछा संभाला और लंबे समय से जमा कचरे व अनुपयोगी सामान को हटाया.

कलेक्ट्रेट, नवीन और पुरानी कंपोजिट बिल्डिंग, जिला पंचायत, नगर निगम समेत जिले के अन्य प्रशासनिक भवनों में सुबह से सफाई अभियान चलाया गया. बैठक कक्षों, गलियारों और विभिन्न शाखाओं में जमा कचरे को बाहर निकाला गया. अभियान में फर्श और परिसर की सफाई के साथ पुरानी फाइलों तथा अभिलेखों की छंटाई भी की गई.

पुरानी नस्तियों और कबाड़ की छंटाई

प्रशासनिक अमले ने अनुपयोगी सामग्री को अलग कर कबाड़ घोषित किया और उसे कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर कराया. अस्त-व्यस्त नस्तियों को रैक में क्रमबद्ध तरीके से रखने की प्रक्रिया भी की गई. इससे कार्यालयों में फाइलों को ढूंढने में लगने वाला समय कम करने और शाखाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया.

अभियान का दायरा शहरी कार्यालयों तक सीमित नहीं रहा. जनपद, तहसील और पंचायत स्तर के ग्रामीण कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सफाई की. मस्तूरी अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार कार्यालय परिसर में एसडीएम शिव कंवर पैकरा समेत प्रशासनिक अमले ने मैदान में बिखरे कचरे और पत्तों को हटाया.

प्रशासन की ओर से शाखा प्रभारियों को कार्यालयों की साफ-सफाई और अभिलेखों की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. अभियान का उद्देश्य इसे केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित न रखकर दफ्तरों में नियमित स्वच्छता और बेहतर कार्य-व्यवस्था विकसित करना बताया गया है.