बिलासपुर में बर्खास्त GRP आरक्षक लक्ष्मण गाइन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है. ACB की जांच के अनुसार, आरक्षक की वैध आय और खर्च-निवेश के बीच 1,03,33,033.50 रुपये का अंतर मिला है.

जांच एजेंसी के मुताबिक, लक्ष्मण गाइन की कुल आय 86,76,270 रुपये आंकी गई, जबकि उसके खर्च और निवेश 1,90,09,303.50 रुपये पाए गए. यह रकम उसकी आय से करीब 119 प्रतिशत अधिक बताई गई है. ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत आरोपपत्र पेश किया है. अब मामले में अदालत के समक्ष ट्रायल चलेगा.

गांजा तस्करों से वसूली का आरोप

लक्ष्मण गाइन पर आरोप है कि बिलासपुर GRP में तैनाती के दौरान वह साथी आरक्षकों के साथ ट्रेनों में गांजा तस्करों को पकड़ता था. आरोप के अनुसार, तस्करों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बजाय जब्त गांजा अपने पास रख लिया जाता था और उन्हें छोड़ने के बदले रकम वसूली जाती थी. वसूली की रकम आपस में बांटने का भी आरोप है.

इस मामले में GRP थाने में NDPS एक्ट की धाराओं 20(बी) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया था. बाद में ACCU बिलासपुर ने इस प्रकरण में अदालत में चालान पेश किया. आय से अधिक संपत्ति के मामले में लक्ष्मण गाइन फिलहाल बिलासपुर जेल में बंद बताया गया है.

1 दिसंबर 2024 को हुई थी छापेमारी

ACB ने वित्तीय दस्तावेजों और सरकारी वेतन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की. इसके बाद 1 दिसंबर 2024 को बिलासपुर स्थित उसके आवास सहित अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई. जांच में लग्जरी मकान, कार और महंगी बाइक जैसी संपत्तियों का भी उल्लेख सामने आया. कुछ संपत्तियां रिश्तेदारों के नाम पर खरीदे जाने का आरोप है.

गांजा तस्करों से कथित सांठगांठ और अवैध वसूली के आरोपों में पुलिस अधीक्षक (रेल), छत्तीसगढ़ की विभागीय कार्रवाई के बाद लक्ष्मण गाइन को 19 नवंबर 2024 को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया गया था. चार्जशीट में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत में होने वाली सुनवाई के बाद होगा.