बिलासपुर में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के बर्खास्त आरक्षक संतोष राठौर के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार्जशीट पेश की है. ACB के मुताबिक, सेवा अवधि में संतोष की कुल आय 46 लाख 8 हजार 341 रुपए थी, जबकि जांच में 62 लाख 28 हजार 137 रुपए की संपत्ति का विवरण मिला. दोनों रकम के बीच 16 लाख 19 हजार 796 रुपए का अंतर पाया गया है.
ACB ने 5 अक्टूबर 2026 को विशेष न्यायाधीश (पीसी एक्ट) की अदालत में अभियोग पत्र दाखिल किया. एजेंसी ने बताया कि इस मामले में 2024 में केस दर्ज किया गया था. इसके बाद 1 दिसंबर 2024 को बिलासपुर स्थित संतोष के घर और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली गई. जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी आय, खर्च और संपत्ति का मिलान किया गया.
गांजा तस्करी से जुड़े आरोप
संतोष राठौर पर GRP में तैनाती के दौरान तीन अन्य आरक्षकों—मन्नू प्रजापति, सौरभ नागवंशी और लक्ष्मण गाइन—के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने वालों से मिलीभगत का आरोप है. आरोप के मुताबिक, टीम ने ट्रेनों में तस्करों को पकड़ने के बाद जब्त गांजा अपने पास रखा और आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई नहीं करने के बदले पैसे लिए. कथित तौर पर रकम चारों के बीच बांटी गई.
इस मामले में बिलासपुर GRP ने NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत केस दर्ज किया है. चारों आरक्षक फिलहाल बिलासपुर जेल में बंद बताए गए हैं. संतोष के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला अलग से चल रहा है, जबकि अन्य तीन आरक्षकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है.
चारों आरक्षक GRP की एंटी क्राइम यूनिट में तैनात थे. उनकी जिम्मेदारी ट्रेनों में गांजा, नशीली गोलियों, शराब और अवैध हथियारों की तस्करी पर कार्रवाई करना थी. आरोप है कि इसी जिम्मेदारी का फायदा उठाकर वे तस्करों के संपर्क में आए. पुलिस कार्रवाई के दौरान बर्खास्त आरक्षकों से जुड़ी करीब डेढ़ करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त किए जाने की बात भी सामने आई थी.
NDPS मामले में आपराधिक आचरण के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक, रेल छत्तीसगढ़ ने 19 नवंबर 2024 को संतोष राठौर को सेवा से बर्खास्त कर दिया था. आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना है.
