छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर बिलासपुर में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था.
कार्रवाई उसलापुर बाजार के पास ACCU बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा.
तलाशी के दौरान पारदर्शी जिपर वाली पॉलीथिन में 11.73 ग्राम हेरोइन मिली. पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई है. आरोपी के पास से 10,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक वालिया (32) के रूप में हुई है. वह अमृतसर, पंजाब का निवासी है और फिलहाल बिलासपुर के उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था. पूछताछ में उसके अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की बात सामने आने का दावा किया गया है.
सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया. अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, संभावित संपर्कों और आरोपी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है.
कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे. पुलिस अधिकारियों ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है.
