बिलासपुर हाई कोर्ट ने छत्तीसगढ़ में 12,489 शिक्षकों की भर्ती के लिए 4 मई 2023 को जारी विज्ञापन को निरस्त कर दिया है. मामला उस आरक्षण रोस्टर से जुड़ा था, जिसे 58 प्रतिशत आरक्षण नीति के आधार पर तैयार किया गया था. इस नीति को हाई कोर्ट पहले ही निरस्त कर चुका था.

न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ के समक्ष सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती में लागू आरक्षण व्यवस्था को चुनौती दी गई थी. याचिकाकर्ताओं का कहना था कि निरस्त की जा चुकी आरक्षण नीति के आधार पर नई भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती.

ई-कैडर और टी-कैडर के रोस्टर पर आपत्ति

याचिकाकर्ताओं के प्रस्तुत विवरण के अनुसार, शिक्षक ई-कैडर के 1,113 पदों में से 698 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित किए गए थे. यह कुल पदों का करीब 62.71 प्रतिशत था. टी-कैडर के 4,659 पदों में से 3,105 पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित बताए गए, जो लगभग 66.64 प्रतिशत है.

सहायक शिक्षक पदों में भी आरक्षण का अनुपात 56.62 से 68.42 प्रतिशत तक होने का दावा किया गया. याचिकाकर्ताओं ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 में दिए समानता के सिद्धांत के विपरीत बताया. उन्होंने वैध आरक्षण नियमों के तहत दस्तावेज सत्यापन, काउंसलिंग और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की थी.

2012 की अधिसूचना और 3,190 बैकलॉग पदों का संदर्भ

याचिकाकर्ताओं के अनुसार, 29 नवंबर 2012 की अधिसूचना से राज्य में आरक्षण का कुल अनुपात 58 प्रतिशत किया गया था. हाई कोर्ट की खंडपीठ ने 19 सितंबर 2022 को इस व्यवस्था को असंवैधानिक ठहराते हुए निरस्त कर दिया था.

राज्य शासन ने जवाब में कहा कि विज्ञापन में नए पदों के साथ वर्ष 2019 की भर्ती के लगभग 3,190 बैकलॉग पद भी शामिल थे. शासन ने सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों की अलग प्रकृति, जिला एवं संभाग स्तर के रोस्टर तथा बस्तर और सरगुजा की स्थानीय परिस्थितियों का हवाला दिया.

अदालत ने पहले से नियुक्त शिक्षकों को तत्काल सेवा से हटाने का निर्देश नहीं दिया है. हालांकि, वर्तमान और भविष्य की नियुक्तियों तथा पदोन्नतियों को सुप्रीम कोर्ट में लंबित विशेष अनुमति याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रखा गया है. इसका अर्थ है कि नियुक्ति या पदोन्नति से संबंधित अधिकार अंतिम रूप से सुरक्षित नहीं माने जाएंगे और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई हो सकती है.