बिलासपुर हाईकोर्ट ने अपने आदेश का तय समय में पालन नहीं किए जाने के मामले में आबकारी कमिश्नर पी.एस. एल्मा और अपर आबकारी आयुक्त पी.एल. साहू को अवमानना नोटिस जारी किया है. अदालत ने दोनों अधिकारियों से पूछा है कि आदेश का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए.
मामला जांजगीर-चांपा जिले में आबकारी विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ मुकेश कुमार शर्मा से जुड़ा है. उन्होंने आबकारी उपनिरीक्षक पद के लिए आयोजित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा में हिस्सा लिया था. याचिका में आरोप लगाया गया कि सर्विस रिकॉर्ड यानी ACR के 15 अंक कम दिए जाने के कारण उन्हें परीक्षा में अनुत्तीर्ण कर दिया गया.
मुकेश कुमार शर्मा की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा गया कि वर्ष 2017, 2018 और 2019 के सर्विस रिकॉर्ड में प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज करने से पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस नहीं दिया गया और अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं मिला.
90 दिन में पुनर्विचार का था आदेश
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न न्याय दृष्टांतों का हवाला देते हुए संबंधित ACR के आधार पर की गई कार्रवाई को उचित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं माना. अदालत ने निर्देश दिया था कि अन्य ACR के आधार पर मामले पर पुनर्विचार किया जाए. इसके लिए 90 दिन की समय-सीमा तय की गई थी.
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता के मुताबिक, दिसंबर 2025 में आदेश जारी होने के बावजूद निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद याचिकाकर्ता ने अवमानना याचिका दायर की. सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि आदेशों का समय पर पालन नहीं होने से अवमानना याचिकाओं की संख्या बढ़ रही है और न्यायालय का समय प्रभावित हो रहा है. इसी आधार पर हाईकोर्ट ने दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
