बिलासपुर हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की कार्यप्रणाली में लापरवाही पाए जाने पर उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है. मामला एक अभ्यर्थी की उत्तरपुस्तिका से चार पन्ने गायब मिलने से जुड़ा है.

अभ्यर्थी ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत अपनी उत्तरपुस्तिका से संबंधित जानकारी मांगी थी. दस्तावेज मिलने के बाद जांच में पता चला कि उत्तरपुस्तिका में चार पन्ने मौजूद नहीं थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन पन्नों पर करीब 30 अंकों के प्रश्नों के उत्तर लिखे हुए थे.

तीन महीने में मुआवजा देने का आदेश

उत्तरपुस्तिका से पन्ने गायब होने और मूल्यांकन प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थी ने हाईकोर्ट का रुख किया. सुनवाई के दौरान आयोग की जांच और कार्रवाई में देरी को लेकर अदालत ने नाराजगी जताई.

जस्टिस पीपी साहू की एकल पीठ ने आयोग को संबंधित अभ्यर्थी को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का निर्देश दिया. आदेश के अनुसार, यह राशि तीन महीने के भीतर उपलब्ध करानी होगी. इसके अलावा आयोग पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.

अदालत का यह आदेश प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव, मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के अधिकारों से जुड़े सवालों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है.