बिलासपुर हाईकोर्ट ने 13.40 एकड़ पुश्तैनी कृषि भूमि से जुड़े मामले में स्पष्ट किया है कि पांच पोतियों का अधिकार पूरी जमीन पर नहीं, बल्कि कुल एक तिहाई हिस्से पर होगा. अदालत ने निचली अदालत के उस फैसले को संशोधित कर दिया, जिसमें उन्हें पूरी जमीन का मालिक माना गया था.
मामला बिलासपुर जिले की कोटा तहसील के नवागांव स्थित खसरा नंबर 1141 की जमीन से जुड़ा है. वादियों रूपा, रत्ना, अंकिता, सिमरन और नैना बैरागी के अनुसार जमीन उनके दादा केनाराम बैरागी की थी. केनाराम ने 25 जनवरी 2003 को पंजीकृत वसीयत के जरिए अपनी चल-अचल संपत्ति बेटे संजय बैरागी के नाम की थी. केनाराम की 26 मई 2010 को मृत्यु के बाद जमीन के नामांतरण को लेकर उनके चार बेटियों और बेटे के बीच विवाद हुआ.
संजय बैरागी की 30 जनवरी 2011 को मृत्यु के बाद उनकी पांच नाबालिग बेटियों ने अपने मामा के माध्यम से मालिकाना हक और स्थायी निषेधाज्ञा के लिए सिविल मुकदमा दायर किया. केनाराम की बेटियों ने दावा किया कि जमीन संयुक्त पारिवारिक कारोबार और होटल की आय से खरीदी गई थी, इसलिए इसे केनाराम की स्वयं अर्जित संपत्ति नहीं माना जा सकता.
वसीयत वैध, लेकिन जमीन पुश्तैनी मानी गई
हाईकोर्ट ने वसीयत को विधिवत पंजीकृत और प्रमाणित माना. अदालत के अनुसार इसे जाली या दबाव में तैयार किए जाने का ठोस साक्ष्य नहीं मिला. हालांकि, वादी यह साबित नहीं कर सके कि जमीन केनाराम की स्वयं अर्जित संपत्ति थी. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जमीन को संयुक्त पारिवारिक संपत्ति माना गया.
अदालत ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के संशोधित प्रावधानों के अनुसार केनाराम के बेटे और चारों बेटियों को समान अधिकार दिया. इस आधार पर संपत्ति छह बराबर हिस्सों में बंटी. केनाराम का हिस्सा एक-छठा था, जो वसीयत से संजय को मिला. संजय का अपना एक-छठा हिस्सा जोड़ने पर उनका कुल हिस्सा एक-तिहाई हुआ. संजय की मृत्यु के बाद यही हिस्सा उनकी पांचों बेटियों को मिला. शेष दो-तिहाई हिस्से पर केनाराम की चारों बेटियों का अधिकार बरकरार रहेगा.
