बिलासपुर हाईकोर्ट ने जल संसाधन विभाग के आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बकाया ग्रेच्युटी से जुड़े मामले में नियंत्रक प्राधिकारी को नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश दिया है. अदालत ने कहा कि पहले यह तय किया जाए कि ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम, 1972 इन कर्मचारियों पर लागू होता है या नहीं.

न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु की पीठ के समक्ष दायर याचिकाओं में कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने विभाग में तीन दशक से अधिक समय तक सेवा की. सेवानिवृत्ति के बाद विभाग ने ग्रेच्युटी की कुछ राशि का भुगतान किया, लेकिन शेष रकम रोक दी गई. इसके बाद उन्होंने अधिनियम के तहत नियंत्रक प्राधिकारी के समक्ष आवेदन किया था.

नियंत्रक प्राधिकारी ने 12 दिसंबर 2025 को विभाग को बकाया राशि 30 दिन के भीतर चुकाने का आदेश दिया था. आदेश में देरी होने पर कानून के अनुसार ब्याज देने की बात भी कही गई थी. भुगतान नहीं होने पर कर्मचारियों ने हाईकोर्ट का रुख किया.

राज्य की आपत्ति और अदालत का निर्देश

राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि अधिनियम की धारा 2(ई) में केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों को ‘कर्मचारी’ की परिभाषा से बाहर रखा गया है. इसलिए नियंत्रक प्राधिकारी को इन मामलों की सुनवाई करने और आदेश देने का अधिकार नहीं था.

हाईकोर्ट ने राज्य की इस आपत्ति को महत्वपूर्ण माना. अदालत ने संबंधित प्राधिकारी को दोनों पक्षों को सुनने के बाद अधिकारिता और अधिनियम की लागू होने की स्थिति पर कानून के अनुसार नया आदेश पारित करने को कहा. इसके साथ ही आठों याचिकाओं का निराकरण कर दिया गया. मामले में याचिकाकर्ताओं के रूप में सुखराम विश्वकर्मा, नरेंद्र सिंह कौशिक, रामनाथ रात्रे, जयप्रकाश उपाध्याय, मोहित राम साहू, शत्रुहन प्रसाद कौशिक, राजकुमार श्रीवास और शत्रुहन लाल श्रीवास शामिल हैं.