छत्तीसगढ़ में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. अदालत ने यह जवाब हस्तक्षेपकर्ता की ओर से दिए गए नए सुझावों के संबंध में मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी.

छह अक्टूबर को मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की पीठ के सामने सुनवाई हुई. राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि हस्तक्षेपकर्ता के सुझावों पर जवाब दाखिल करना जरूरी है और इसके लिए समय चाहिए. इसके बाद अदालत ने तीन सप्ताह की समय-सीमा तय की.

अदालत ने 11 अगस्त के अपने आदेश के पालन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव का हलफनामा पहले ही रिकॉर्ड पर आने की जानकारी दी. इस आदेश में पक्षकारों से पूछा गया था कि विभाग की ओर से उठाए गए कदमों के अलावा मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए और कौन से उपाय किए जाने चाहिए. इसी क्रम में हस्तक्षेपकर्ता ने लिखित सुझाव पेश किए, जिनकी प्रति राज्य के अधिवक्ता को दी गई.

हलफनामे में 22 मौतों और राहत का ब्योरा

31 अगस्त को दाखिल वन विभाग के हलफनामे के अनुसार, एक अप्रैल से 24 अगस्त 2026 के बीच हाथियों के कारण मानव मृत्यु के 22 मामले सामने आए. इसी अवधि में फसल, मकान, पशु और अन्य संपत्ति के नुकसान से जुड़े 4,026 मामलों में कुल 4 करोड़ 76 लाख 88 हजार 625 रुपये की राहत बांटी गई.

विभाग ने हाथियों की निगरानी, गांवों को पहले सूचना देने, रात में गश्त, हाथी मित्र दल और त्वरित कार्रवाई दल जैसे उपायों की जानकारी दी थी. बिजली लाइनों से वन्यजीवों की मौत रोकने के लिए चिन्हित 2,490 संवेदनशील स्थानों में से 2,287 का संयुक्त निरीक्षण किया गया, जबकि 1,882 स्थानों की खामियां दूर किए जाने की जानकारी दी गई.