बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने ₹57 लाख 18 हजार 409 रुपये की वसूली से जुड़े वाणिज्यिक मुकदमे में व्यापारी हरिकृष्ण अग्रवाल को पक्षकार बनाए रखने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने उन्हें मुकदमे से हटाने वाले वाणिज्यिक न्यायालय के आदेश को रद्द कर दिया.

जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की पीठ ने कहा कि वादी ने वादपत्र में व्यापारी की भूमिका को लेकर पर्याप्त तथ्य रखे हैं. इसलिए मुकदमे की शुरुआती अवस्था में बिना साक्ष्य के उन्हें पक्षकारों की सूची से हटाना उचित नहीं होगा. उनकी वास्तविक भूमिका और दायित्व का फैसला मुकदमे की सुनवाई के दौरान साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा.

यह मामला ओडिशा की जाजली ज्योति स्टील लिमिटेड की ओर से उसके संचालक संदीप नायर द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है. कंपनी ने रायपुर स्थित महामाया स्टील एजेंसी के प्रोपराइटर हरिकृष्ण अग्रवाल और नई दिल्ली की गलवालिया इस्पात उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ वसूली का मुकदमा दायर किया था.

कंपनी का दावा है कि अग्रवाल ने गलवालिया इस्पात उद्योग की ओर से 29 मई 2019 और 4 जून 2019 को खरीद आदेश जारी किए थे. इन आदेशों के आधार पर स्पंज आयरन की आपूर्ति की गई. कंपनी ने दोनों आदेशों के लिए ₹2 करोड़ 37 लाख 18 हजार की अग्रिम राशि दिए जाने का भी दावा किया है.

वाणिज्यिक न्यायालय ने 20 नवंबर 2024 को अग्रवाल की अर्जी स्वीकार करते हुए उन्हें मुकदमे से हटाने का आदेश दिया था. इसके खिलाफ कंपनी हाई कोर्ट पहुंची.

अग्रवाल की ओर से कहा गया कि वास्तविक खरीद आदेश गलवालिया इस्पात उद्योग ने जारी किए थे और उनके दस्तावेज केवल मात्रा व कीमत की पुष्टि करने वाले सौदा-पत्र थे. उन्होंने भुगतान से भी इनकार किया.

हाई कोर्ट ने कहा कि वादपत्र और लिखित जवाब से व्यापारी की भूमिका को लेकर विवाद और पर्याप्त आधार सामने आते हैं. कोर्ट ने वादी के पक्षकार चुनने के अधिकार से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांत का हवाला देते हुए कहा कि मामले के प्रभावी और पूर्ण निपटारे के लिए जरूरी व्यक्ति को मुकदमे में बनाए रखा जा सकता है. वाणिज्यिक न्यायालय को अब वर्तमान पक्षकारों के साथ मामले की सुनवाई कानून के अनुसार करने और गुण-दोष के आधार पर फैसला देने का निर्देश दिया गया है.