बिलासपुर हाईकोर्ट ने प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती में 67.473 अंक और 104वीं रैंक मिलने के बावजूद अपात्र घोषित किए जाने को चुनौती देने वाली याचिका बहाल कर दी है. याचिकाकर्ता कोरबा निवासी दिनेश्वर दास हैं.
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने 12 अक्टूबर को पारित आदेश में कहा कि प्रक्रिया संबंधी चूक अनजाने में हुई प्रतीत होती है. अदालत ने माना कि याचिकाकर्ता को मामले के गुण-दोष के आधार पर सुनवाई का अवसर मिलना चाहिए.
चयन सूची के खिलाफ याचिका
दिनेश्वर दास ने वर्ष 2025 में प्रयोगशाला तकनीशियन पद की चयन सूची को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी. उनका कहना है कि 67.473 अंक और 104वीं रैंक प्राप्त करने के बाद भी उन्हें भर्ती के लिए अपात्र घोषित कर दिया गया.
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने 15 जुलाई 2026 को नए पक्षकार भारत लाल को साधारण और पंजीकृत डाक से नोटिस भेजने के लिए 10 दिन का समय दिया था. निर्धारित समय में प्रक्रिया शुल्क जमा नहीं होने पर अदालत ने छह अगस्त को कमी दूर करने के लिए फिर 10 दिन दिए थे और अनुपालन न होने पर याचिका खारिज होने की चेतावनी दी थी.
विलंब माफी आवेदन नहीं होने पर हुई थी कार्रवाई
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि सात अगस्त को साधारण डाक और स्पीड पोस्ट के लिए जरूरी प्रक्रिया शुल्क जमा कर दिया गया था. हालांकि, विलंब माफी का आवेदन पेश नहीं होने के कारण रजिस्ट्री ने इसे कमी दूर होना स्वीकार नहीं किया. इसके बाद नौ सितंबर को याचिका खारिज करने संबंधी सूचना जारी हुई थी.
हाईकोर्ट ने अब याचिका खारिज करने का पूर्व आदेश वापस लेते हुए इसे मूल क्रमांक पर बहाल कर दिया है. अदालत ने याचिकाकर्ता को शेष कमियां, यदि कोई हों, तीन दिन के भीतर दूर करने का निर्देश दिया है. भर्ती में अपात्र घोषित किए जाने के मूल विवाद पर अदालत ने अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया है.
