बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने NEET UG 2026 के परिणाम को चुनौती देने वाली याचिका पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से विस्तृत जवाब मांगा है. याचिका में कम अंक मिलने और OMR उत्तर पुस्तिका से छेड़छाड़ की आशंका जताई गई है. मामले में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
मुख्य न्यायाधीश कृष्न राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की युगलपीठ के सामने NTA ने याचिकाकर्ता बी. सहिति से संबंधित दस्तावेज और अंकपत्र पेश किए. प्रथम दृष्टया अंकपत्र में याचिकाकर्ता के 318 अंक दर्ज बताए गए हैं.
NTA ने कोर्ट को बताया कि NEET UG 2026 का परिणाम 16 जुलाई 2026 को घोषित किया गया था और इसकी सूचना 17 जुलाई को ईमेल के जरिए दी गई थी. एजेंसी का तर्क है कि याचिकाकर्ता करीब ढाई महीने की देरी से हाई कोर्ट पहुंची हैं.
NTA ने पुराने आदेश का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान NTA ने भिलाई निवासी 17 वर्षीय आर्यन अग्रवाल से जुड़े मामले में हाई कोर्ट के 30 जुलाई 2026 के आदेश का उल्लेख किया. उस मामले में छात्र ने अपनी मूल OMR उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने और सही अंक दिए जाने की मांग की थी. उसने प्रश्न पुस्तिका में भरे उत्तरों और NTA की ओर से जारी स्कैन की गई OMR शीट में अंतर होने का दावा किया था.
उस मामले में हाई कोर्ट ने कहा था कि केवल आशंका और खुद तैयार किए गए तुलनात्मक विवरण के आधार पर OMR से छेड़छाड़ का आरोप सिद्ध नहीं होता. कोर्ट ने यह भी कहा था कि छात्र ने परीक्षा संबंधी शिकायत के लिए उपलब्ध निर्धारित शिकायत निवारण प्रक्रिया का उपयोग नहीं किया था. इसी आधार पर याचिका खारिज कर दी गई थी.
NTA ने मौजूदा याचिका को भी समान प्रकृति का बताया और विस्तृत प्रतिशपथपत्र दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा. कोर्ट ने समय मंजूर करते हुए जवाब की प्रति याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को देने का निर्देश दिया है. मामले को दो सप्ताह बाद फिर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.
