बिलासपुर हाईकोर्ट ने जमीन पंजीयन से जुड़े करीब 20 साल पुराने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में दुर्ग के तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार आरके नेताम को बरी कर दिया है. अदालत ने उनकी दोषसिद्धि और सात साल की सजा रद्द करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर सका.

अपील लंबित रहने के दौरान 23 जुलाई 2022 को आरके नेताम की मृत्यु हो गई थी. इसके बाद उनकी पत्नी सुनीता नेताम को अपील जारी रखने की अनुमति दी गई. न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद फैसला सुनाया.

यह मामला वर्ष 2006 में दुर्ग के पुलगांव क्षेत्र की करीब 27.3 एकड़ जमीन के पंजीयन से संबंधित था. शिकायतकर्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने आरोप लगाया था कि उनकी बहन आशा लता उर्फ आशा रानी की जमीन की अलग-अलग बिक्री विलेख अमेरिका में तैयार कथित मुख्तारनामे के आधार पर कराई गईं. आरोप था कि आवश्यक स्टांप शुल्क जमा नहीं होने के बावजूद तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार ने दस्तावेजों का पंजीयन कर दिया. इससे शासन को 6,08,115 रुपये के स्टांप शुल्क का नुकसान होने का दावा किया गया था.

नेताम पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 13(1)(डी) और 13(2) के तहत आरोप लगाए गए थे.

हाईकोर्ट ने कहा कि नेताम और निर्मला देवी अग्रवाल के बीच किसी पूर्व समझौते, बातचीत, धन के लेन-देन या अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला. अदालत ने यह भी नोट किया कि जमीन की मालिक और कुछ महत्वपूर्ण गवाहों के बयान दर्ज नहीं किए गए थे. कथित मुख्तारनामे का मूल दस्तावेज भी जांच में जब्त नहीं किया गया.

अदालत के अनुसार, पंजीयन के दौरान दस्तावेजों की जांच में चूक या प्रशासनिक लापरवाही को अतिरिक्त ठोस साक्ष्य के बिना भ्रष्टाचार का आपराधिक कृत्य नहीं माना जा सकता. मजबूत संदेह भी सबूत का विकल्प नहीं हो सकता.