बिलासपुर हाईकोर्ट ने तलाक के एक मामले में फैमिली कोर्ट की ओर से सुनाई गई एकतरफा तलाक की डिक्री और बाद की कार्यवाही को रद्द कर दिया है. हाईकोर्ट ने कहा कि किसी पक्ष को सुनवाई का उचित अवसर दिए बिना उसके खिलाफ आदेश पारित नहीं किया जा सकता.
जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि अखबार में नोटिस प्रकाशित करना अंतिम उपाय है. इससे पहले सामान्य तरीके से नोटिस देने और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति के घर पर नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
मामले के अनुसार, सूरजपुर निवासी महिला के पति ने 9 जनवरी 2024 को हिंदू विवाह अधिनियम के तहत फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी. पत्नी के दिए गए पते पर पंजीकृत डाक से भेजा गया नोटिस सही पता नहीं होने के कारण लौट आया. इसके बाद पति के अनुरोध पर फैमिली कोर्ट ने अखबार में नोटिस प्रकाशित करने की अनुमति दी. 29 फरवरी 2024 को स्थानीय अखबार में नोटिस प्रकाशित हुआ.
हाईकोर्ट ने सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 5 के नियम 17 और 20 का हवाला देते हुए कहा कि रिकॉर्ड में ऐसा कोई प्रयास दर्ज नहीं है, जिससे यह साबित हो कि पत्नी के घर पर नोटिस चस्पा किया गया था. केवल एक बार नोटिस लौटने के आधार पर यह मान लेना भी उचित नहीं था कि पत्नी जानबूझकर कार्यवाही से बच रही थी.
पत्नी के अनुसार, उसे तलाक की कार्यवाही की जानकारी 18 नवंबर 2024 को औरंगाबाद में चल रहे भरण-पोषण मामले की काउंसलिंग के दौरान मिली. उसने 2 दिसंबर 2024 को एकतरफा डिक्री रद्द करने की अर्जी दायर की. हाईकोर्ट ने देरी माफ करते हुए फैमिली कोर्ट का 23 जून 2025 का आदेश रद्द कर दिया. अब अर्जी पर नए सिरे से सुनवाई होगी. दोनों पक्षों को 12 अक्टूबर को फैमिली कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
