बिलासपुर हाई कोर्ट ने छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में इंटर्नशिप करने वाले विदेश से मेडिकल डिग्री प्राप्त डॉक्टरों की तीन याचिकाएं खारिज कर दी हैं. इन डॉक्टरों ने इंटर्नशिप के लिए जमा की गई एक-एक लाख रुपये की फीस लौटाने और भारतीय मेडिकल कॉलेजों के छात्रों के समान स्टाइपेंड देने की मांग की थी.
जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने कहा कि सभी याचिकाकर्ताओं ने अपनी विदेशी मेडिकल डिग्री 18 नवंबर 2021 से पहले हासिल की थी. इसलिए वे राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के 2021 में बनाए गए विदेशी चिकित्सा स्नातक संबंधी नियमों के आधार पर फीस वापसी और स्टाइपेंड का दावा नहीं कर सकते.
किस आधार पर दायर हुई थीं याचिकाएं
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि एनएमसी ने 4 मार्च 2022 को दिशा-निर्देश और 19 मई 2022 को परिपत्र जारी किया था. इनमें 18 नवंबर 2021 से पहले विदेशी मेडिकल डिग्री लेने वाले छात्रों से इंटर्नशिप फीस नहीं लेने तथा भारतीय मेडिकल छात्रों के बराबर स्टाइपेंड और अन्य सुविधाएं देने की बात कही गई थी. इसके बाद चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने 5 अगस्त 2022 को आदेश जारी किया.
डॉक्टरों के अनुसार, उन्होंने सिम्स में इंटर्नशिप के लिए एक-एक लाख रुपये जमा किए थे. उन्हें अगस्त 2022 से स्टाइपेंड मिलना शुरू हुआ, लेकिन उससे पहले की अवधि का भुगतान नहीं किया गया. इसी आधार पर उन्होंने फीस वापसी और पंजीयन की तारीख से स्टाइपेंड की मांग की थी.
राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि फीस वर्ष 2015 में जमा की गई थी. 24 नवंबर 2022 की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि 4 मार्च 2022 के परिपत्र से पहले ली जा चुकी फीस वापस नहीं की जाएगी. हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार करते हुए कहा कि फीस वापसी का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता.
अदालत ने यह भी कहा कि अगस्त 2022 से पहले के स्टाइपेंड के भुगतान के समर्थन में याचिकाकर्ताओं ने कोई अन्य लागू प्रावधान या विशेष निर्देश पेश नहीं किया. इसी आधार पर तीनों याचिकाएं खारिज कर दी गईं.
