बिलासपुर जिले के आठ गांवों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों से ग्रामीणों को हो रही कथित परेशानियों के मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार के शपथपत्र पर असंतोष जताया है. अदालत ने प्रथम दृष्टया माना कि शपथपत्र पूर्व आदेश के पालन की खानापूर्ति के लिए दाखिल किया गया प्रतीत होता है.
मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की युगलपीठ ने कहा कि शपथपत्र की विषयवस्तु और उसमें दिए गए विवरण संतोषजनक नहीं हैं. सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय की ओर से सहायक निदेशक-द्वितीय का शपथपत्र पेश किया गया था.
केंद्र की ओर से उप सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा ने अदालत को बताया कि सक्षम अधिकारी से विस्तृत जानकारी वाला नया शपथपत्र दाखिल किया जाएगा. इसमें संबंधित अधिकारी की जानकारी, शपथपत्र देने की उनकी क्षमता और समिति की रिपोर्ट के आधार पर किए गए सुधारात्मक उपायों का विवरण शामिल होगा. कोर्ट ने यह शपथपत्र दो सप्ताह के भीतर दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी.
यह मामला अमतरा, कछार, लोफंदी, मोहतरा, लच्छनपुर, नवागांव, मदनपुर और भरारी गांवों से जुड़ा है. 27 अप्रैल 2024 को सामने आई मीडिया रिपोर्ट में ग्रामीणों की ओर से खेतों में करंट महसूस होने, खेती प्रभावित होने और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने की बात कही गई थी. हाई कोर्ट ने 29 अप्रैल 2024 को इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की थी.
केंद्र के अनुसार, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण और मुख्य विद्युत निरीक्षक की टीम ने लाइनों का निरीक्षण किया था. समिति ने 9 सितंबर 2024 को रिपोर्ट दी और 25 अक्टूबर 2024 को गठित समिति ने सुधारात्मक उपाय सुझाए थे. इनमें 765 केवी लाइनों के नीचे निर्धारित ऊंचाई समेत तकनीकी पहलुओं की समीक्षा शामिल थी.
पहले दिए गए निर्देशों के बावजूद रिपोर्ट पेश न होने पर 1 सितंबर 2026 को कोर्ट ने 10 हजार रुपये की लागत जमा कराने की शर्त के साथ अंतिम अवसर दिया था. 8 अक्टूबर को लागत जमा कर अनुपालन रिपोर्ट पेश की गई, लेकिन 16 नवंबर की सुनवाई में अदालत ने उसे अपर्याप्त माना.
