बिलासपुर में ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंटों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. टीम ने रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण और सुरक्षा मानकों की जांच की.
अग्रसेन चौक स्थित होटल ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी और पनीर के विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए. होटल ग्रैंड अंबा से टोमैटो ग्रेवी और हल्दी पाउडर के नमूने संकलित किए गए. वहां मिली कमियों के आधार पर सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा भी की गई.
होटल सिल्वर ओक में पाई गई अनियमितताओं पर भी सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई. शिव टाकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित दावते दिल्ली की दोनों शाखाओं को खाद्य सामग्री के वैज्ञानिक भंडारण और उपयोग के लिए ‘फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट’ प्रणाली का कड़ाई से पालन करने को कहा गया. कर्मचारियों को हेड कैप और ग्लव्स पहनने के निर्देश भी दिए गए.
मोपका स्थित डाउन टाउन और गुलमोहर रेस्टोरेंट तथा नेहरू चौक के पौष्टिकम का भी निरीक्षण किया गया. डाउन टाउन को सुधार सूचना जारी करने के लिए अनुमोदित किया गया. सभी संबंधित संचालकों को खाद्य सामग्री में अखबार के इस्तेमाल पर रोक लगाने, रसोई में हेड कैप और ग्लव्स का अनिवार्य उपयोग करने तथा ढक्कन वाले डस्टबिन रखने की हिदायत दी गई.
जिन प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिले, उन्हें ये प्रमाण पत्र जल्द बनवाने के निर्देश दिए गए. कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिशा मरावी व प्रतीक तिवारी शामिल रहे. विभाग ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है.
