बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने निलंबित आरक्षक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी बरामद की गई है.
मामला उसलापुर की सागरदीप कॉलोनी का है. यहां बिन्दावती मिश्रा अपने बेटे आशीष मिश्रा के साथ रहती हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बिन्दावती मिश्रा किसी काम से रीवा गई थीं. उनके लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी गायब थी.
शिकायत के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आशीष ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया है.
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी
सकरी थाना पुलिस ने आशीष मिश्रा के अलावा सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आशीष मिश्रा निलंबित आरक्षक है. आरोपियों से चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी जब्त की है. बाइक का पंजीकरण नंबर CG 10 AZ 5100 बताया गया है. पुलिस ने तीनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
