बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंदिर चौक स्थित इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस पर कार्रवाई की. निरीक्षण के दौरान स्टॉक में रखी अमूल शालिमार आइसक्रीम के कुछ डिब्बों में फंगस यानी फफूंद पाई गई. विभाग ने ऐसे 85 डिब्बों को मौके पर ही नष्ट करा दिया.
विभाग के अनुसार, नष्ट की गई आइसक्रीम के प्रत्येक डिब्बे का वजन 68 ग्राम था. स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने संबंधित आइसक्रीम का सर्विलांस सैंपल भी लिया है. इसे विस्तृत गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पाद की गुणवत्ता से जुड़े आगे के निष्कर्ष स्पष्ट होंगे.
कार्रवाई के दौरान व्रत में उपयोग होने वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी लिए गए. इन नमूनों को भी जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई है. खाद्य विभाग की यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की जांच के तहत की गई.
कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
टीम ने इंस्टाकार्ट वेयरहाउस के अलावा शहर के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी औचक निरीक्षण किया. इनमें सरकंडा स्थित इंडियन कॉफी हाउस, श्री साईं कैफे और सिम्स चौक सदर बाजार का पंजाबी रेस्टोरेंट शामिल रहा. संचालकों को परिसर और गोदामों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा केवल वैध, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के भंडारण और बिक्री की हिदायत दी गई.
अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने कहा कि त्योहारों के मौसम में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग ने संकेत दिया है कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और किराना दुकानों, मिठाई प्रतिष्ठानों, वेयरहाउस तथा ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े खाद्य कारोबारों की निगरानी की जाएगी. नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
विभाग ने उपभोक्ताओं से पैकेट पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और FSSAI लाइसेंस नंबर जांचने की अपील की है. फफूंद, सीलन या संदिग्ध रंग-रूप वाली खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और ऐसी सामग्री मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन को शिकायत करने की सलाह दी गई है.
