बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की तैयारी के आरोप में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट के कुल 4,750 नग बरामद किए गए. जब्त दवाओं का कुल वजन 2,495.64 ग्राम बताया गया है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है.
पुलिस के मुताबिक, एसीसीयू बिलासपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने बेटे मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ दूसरे राज्यों से प्रतिबंधित दवाएं लाकर बेचने की तैयारी कर रहा है. इसके बाद एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने उग्रसेन के घर पर दबिश दी.
तलाशी के दौरान तीनों के पास से नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए. पुलिस का कहना है कि दवाओं को रखने या बेचने के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला. इसके बाद तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई.
पुलिस के अनुसार, मुकेश कुमार लोनिया पहले भी नारकोटिक्स एक्ट की धाराओं 21 और 22 से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुका है. अब जांच टीम दवाओं के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस ने मामले में नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच जारी रखने की बात कही है.
