बिलासपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई की है. कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सात ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया. सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
प्रशासन के अनुसार, जांच अभियान चकरभाठा, कोटा, गतौरा, बेलगहना, किरारी और मझवानी समेत अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया गया. टीम को व्यापारिक प्रतिष्ठानों और किराना दुकानों में धान का अवैध भंडारण मिला.
कार्रवाई के दौरान नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल, श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल और श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल धान जब्त किया गया. इसके अलावा अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल, विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान बरामद हुआ.
15 नवंबर से प्रस्तावित है समर्थन मूल्य पर खरीदी
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने वाली है. प्रशासन को आशंका है कि अवैध रूप से संग्रहित धान को उपार्जन केंद्रों पर खपाने या बिचौलियों के जरिए इसकी आवक बढ़ाने की कोशिश की जा सकती है.
इसी को देखते हुए जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों की निगरानी अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी केंद्रों पर नियमों के उल्लंघन पर बनी हुई है. प्रशासन ने कहा है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
