बिलासपुर नगर निगम ने अवैध प्लाटिंग और नियमों के विपरीत निर्माण के मामलों में कार्रवाई की है. निगम की टीम ने अशोक नगर और चिल्हाटी में प्लॉट बेचने के लिए बनाई गईं कांक्रीट सड़कों को बुलडोजर से तोड़ दिया. चिल्हाटी चौक पर बिना पार्किंग के बनीं तीन दुकानों को सील किया गया.

निगम के अनुसार, अशोक नगर में सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे करीब पौन एकड़ जमीन पर अवैध प्लाटिंग की शिकायत मिली थी. चिल्हाटी में करीब दो से ढाई एकड़ जमीन से जुड़ी ऐसी ही शिकायत सामने आई थी. नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते और संबंधित जोन की टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की.

बिना पार्किंग की तीन दुकानें सील

नगर निगम के बिल्डिंग ऑफिसर अनुपम तिवारी के अनुसार, चिल्हाटी चौक पर सड़क किनारे बनी तीन दुकानों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी. निगम ने तीनों दुकानों को सील कर दिया.

धान मंडी रोड, मोपका में बिना लेआउट बनाए जा रहे तीन मकानों के सामने का हिस्सा भी बुलडोजर से तोड़ा गया. निगम का कहना है कि इन मकानों का निर्माण बेचने के उद्देश्य से किया जा रहा था.

निगम प्रशासन ने चारों मामलों में संबंधित मकान और प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

निगम के आठों जोन में बिना लेआउट और डायवर्सन के खेतों को छोटे प्लॉट में बांटकर बेचने की शिकायतें मिलने की बात कही गई है. निगम के अनुसार, कालोनाइजर एक्ट के तहत ऐसे मामलों में एफआईआर से लेकर भूखंड राजसात करने तक का प्रावधान है.