बिलासपुर में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है. निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा और जोन क्रमांक सात की टीम ने बुधवार को अशोक नगर, मोपका और चिल्हाटी क्षेत्रों का निरीक्षण किया. कार्रवाई के दौरान बैकहो लोडर का इस्तेमाल किया गया.

निगम के अनुसार, अशोक नगर में सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे करीब पौन एकड़ जमीन पर अनूप अग्रवाल द्वारा की जा रही प्लॉटिंग में बनी सीसी सड़क को तोड़ा गया. चिल्हाटी में करीब दो एकड़ जमीन पर नारद वर्मा की प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.

चिल्हाटी चौक पर लता पटेल द्वारा अनुमति के विपरीत बनाए गए दुकान निर्माण को सील कर दिया गया. वहीं, धान मंडी रोड पर मनीष ओबरानी द्वारा बिना अनुमति बनाए जा रहे चार मकानों को निगम की टीम ने ध्वस्त किया.

न्यायालय में परिवाद की तैयारी

नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, मामलों में छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 292(ग)(2) और छत्तीसगढ़ नगर पालिका (कॉलोनाइजर का रजिस्ट्रेशन, निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2013 के नियम 03, 10 और 13 के उल्लंघन का उल्लेख है. संबंधित प्लॉटिंगकर्ताओं के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर करने की तैयारी की जा रही है.

प्रशासन ने कहा है कि अवैध प्लॉटिंग, अवैध कॉलोनी विकास और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. नागरिकों से अपील की गई है कि जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग की अनुमति और नगर निगम की स्वीकृतियों की जांच कर लें.

कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी अनूप तिवारी, जोन आयुक्त भूपेंद्र उपाध्याय, सहायक भवन अधिकारी आशीष पाण्डेय, उप अभियंता जुगल किशोर सिंह और अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहे.