बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामले में खान एवं खनिज विकास और विनियमन अधिनियम के विशेष न्यायाधीश ने जेसीबी ऑपरेटर अनिल कुमार गौलिया को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने उस पर 26 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया.
मामला 17 जून 2025 का है. अभियोजन के अनुसार, करगीरोड कोटा क्षेत्र के नगोई घाट स्थित अरपा नदी से जेसीबी के जरिए अवैध रूप से रेत उठाई जा रही थी. इस मामले में डाक बंगला निवासी अनिल कुमार गौलिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था. सुनवाई के दौरान दोष सिद्ध होने पर अदालत ने सजा सुनाई.
फैसला सुनाते हुए विशेष न्यायाधीश ने महात्मा गांधी के उस कथन का उल्लेख किया कि धरती हर व्यक्ति की जरूरत पूरी कर सकती है, लेकिन उसके लालच को नहीं. अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में ढिलाई बरतने से समाज में गलत संदेश जाएगा. रेत के अंधाधुंध दोहन से अरपा नदी समेत अन्य नदियों के प्राकृतिक अस्तित्व और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई गई.
एक अन्य मामले में दो लोगों को सजा
अवैध उत्खनन और परिवहन से जुड़े एक अन्य मामले में अदालत ने ट्रैक्टर मालिक एवं चालक सुरेंद्र कुमार कुर्रे और ट्रॉली मालिक विजय बघेल को तीन-तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई. यह मामला 16 जून को कोटा थाना क्षेत्र के लारीपारा रेत घाट से जुड़ा था.
जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 12 से 15 अक्तूबर के बीच 10 वाहन जब्त किए गए. प्रशासन के अनुसार, खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 66 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. संवेदनशील इलाकों में निगरानी जारी रखने की बात कही गई है.
