बिलासपुर में 25 वर्षीय बीमा कंपनी कर्मचारी ने रैपिडो चालक पर लॉज में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत के आधार पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभी पकड़ से बाहर है.
पुलिस के अनुसार, महिला मूल रूप से कोरबा की रहने वाली है और व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है. वह लोगों को बीमा पॉलिसी की जानकारी देकर ग्राहक बनाती है. शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर को रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक करने पर दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने आया था. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ.
महिला ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को आरोपी ने उसे बीमा प्लान समझाने के लिए बुलाया. उसने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही और शोरगुल का हवाला देकर किसी शांत जगह पर चलने को कहा. आरोप है कि इसके बाद वह महिला को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज ले गया. कमरे में जाने के बाद दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चला गया.
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन परिवार से पता चला कि वह वहां नहीं है. पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, लॉज में महिला का पहचान पत्र जमा कराया गया था, जबकि आरोपी से पहचान पत्र नहीं लिया गया. लॉज संचालक ने पूछताछ में बताया कि आरोपी स्थानीय था. पुलिस अब संचालक को नोटिस जारी कर उसके खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर रही है.
