बिलासपुर में कलेक्टर जनदर्शन के तहत मिले 84 आवेदनों में से 58 आवेदन एक महीने से अधिक समय से लंबित पाए गए. नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने समीक्षा बैठक में देरी पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को जनता से जुड़े आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

लंबित आवेदन प्रधानमंत्री आवास, पानी, बिजली, सड़क और अतिक्रमण समेत कई मुद्दों से जुड़े हैं. बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों से 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले सड़क और नाली निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई. प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना और राजस्व वसूली की भी समीक्षा हुई. आयुक्त ने बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए.

अतिक्रमण और निर्माण कार्यों पर निगरानी

नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने और बेजा कब्जों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए. जर्जर हॉस्टलों और अन्य पुराने संस्थानों के संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए.

चल रहे निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए आयुक्त ने गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और सभी काम तय समय-सीमा में पूरे करने को कहा. धीमी गति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

गणेश विसर्जन के लिए टोकन व्यवस्था

गणेश विसर्जन के लिए छठघाट और पचरीघाट पर सफाई, रोशनी और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए टोकन सिस्टम लागू किया जाएगा. छोटी प्रतिमाओं के लिए टेबल और बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन की व्यवस्था रहेगी. गणेशोत्सव समितियों को टोकन के आधार पर विसर्जन की अनुमति दी जाएगी. विसर्जन स्थल पर केवल प्रतिमाओं वाली गाड़ियों को प्रवेश मिलेगा; डीजे और झांकियों को वहां ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समितियों से धार्मिक गीत बजाने, अश्लील गानों से बचने और नशे से दूर रहने की अपील की है.

जनदर्शन में स्कूल, बिजली और वेतन से जुड़ी शिकायतें

कोटा विकासखंड के बछालीखुर्द गांव के सरपंच ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन के कारण प्राथमिक कक्षा के बच्चों को करीब एक किलोमीटर दूर कृषि भवन में पढ़ना पड़ रहा है. उन्होंने नए स्कूल भवन और मोबाइल टॉवर की मांग की.

लाखासार आवास मोहल्ले के लोगों ने 25 केवी ट्रांसफार्मर के बार-बार ओवरलोड होने की शिकायत करते हुए 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की. सकरी के वन विभाग डिपो में काम करने वाले सुरक्षा श्रमिक बलराम यादव ने 13 महीने से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की. इसके अलावा पंचायतों में बिजली कार्यों के लंबित भुगतान, बारिश से क्षतिग्रस्त मकान की सहायता और निराश्रित पेंशन जारी करने की मांग भी जनदर्शन में रखी गई.