बिलासपुर के श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जूडियो शोरूम में चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से चोरी की सेफ और 4 लाख 83 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शोरूम के बेसमेंट में बने कांच के गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे. इसके बाद वे कैश ऑफिस में पहुंचे और वहां रखी सेफ लेकर फरार हो गए. शोरूम संचालक ने घटना की शिकायत करीब एक सप्ताह पहले दर्ज कराई थी. शिकायत में दो दिन की बिक्री की रकम चोरी होने की बात कही गई थी.
CCTV फुटेज से जांच आगे बढ़ी
पुलिस ने शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की. फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई देने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान कस्तूरबा नगर इलाके में दो लोगों के चोरी के सामान के बारे में बातचीत करने की सूचना मिली.
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रमेश सिंह (40), निवासी सिंधी कॉलोनी कस्तूरबा नगर, और पुष्पेंद्र यादव (45), निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे टिकरापारा, को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में CCTV फुटेज की जांच के साथ बीट आरक्षकों की भूमिका भी रही. एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की बारीकी से जांच और आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए थे.
