बिलासपुर के अरपा पार सरकंडा स्थित कालीबाड़ी इलाके में 100 से ज्यादा घर पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. क्षेत्र में नलों से पानी की सप्लाई बंद है और लोगों को टैंकरों के भरोसे रहना पड़ रहा है. नगर निगम को सूचना दिए जाने के बावजूद मंगलवार सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी.
वार्ड नंबर 61 के पार्षद राजेश दुसेजा के अनुसार, कालीबाड़ी क्षेत्र का सबमर्सिबल पंप खराब होने से यह समस्या पैदा हुई है. उन्होंने निगम अधिकारियों से वैकल्पिक व्यवस्था कर दूसरा पंप लगाने की मांग की है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे सुबह से टैंकर का इंतजार करते हैं और पानी भरने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती है. इससे कामकाजी लोगों और गृहणियों को विशेष परेशानी हो रही है.
निगम के पास फिलहाल स्पेयर पंप नहीं
जोन क्रमांक 8 की कमिश्नर रंजना अग्रवाल ने बताया कि पंप खराब होने की जानकारी सोमवार को मिली थी. उनके मुताबिक, दो दिनों के भीतर समस्या दूर करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लगातार पंप खराब होने के कारण फिलहाल स्पेयर पंप उपलब्ध नहीं हैं और खराब पंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा लगाया जा रहा है.
गर्मियों में मोटर पंप, पाइपलाइन और नल-जल से जुड़े स्पेयर पार्ट्स खरीदने के लिए जोन को 10 लाख रुपये मिले थे. यह राशि खर्च हो चुकी है, फिर भी स्पेयर पंप की कमी बनी हुई है. इंजीनियरों के अनुसार, जोन के कई पंप पुराने हैं और फंड की कमी के कारण उन्हें बदला नहीं जा सका है.
