भारतीय किसान संघ के प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के तहत बिलासपुर जिले के किसानों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा. किसानों ने इस बार धान की खरीदी 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग रखी. संघ के अनुसार, ज्ञापन में पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल के दौरान धान खरीदी की चौथी किस्त के 1700 करोड़ रुपए के लंबित भुगतान का मुद्दा भी शामिल है.
रैली में जिले की 12 तहसीलों से किसान पहुंचे. आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शन में 33 महिलाएं भी शामिल थीं. ज्ञापन किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष गजानन दिघ्रस्कर, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी साहू और जिला मंत्री राजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सौंपा गया.
खरीदी अवधि और तौल व्यवस्था में बदलाव की मांग
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी किए जाने के बावजूद राज्य में किसानों को उसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है. उनका दावा है कि पिछले तीन वर्षों में समर्थन मूल्य में 258 रुपए की वृद्धि हुई है. इसी आधार पर उन्होंने 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर की मांग की है.
किसानों ने धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक रखने की मांग की. तौल में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम की सीमा तय करने और इसकी जानकारी खरीदी केंद्रों की दीवारों पर लिखवाने का सुझाव भी दिया गया.
टोकन व्यवस्था में छोटे किसानों को दो, मध्यम किसानों को तीन और बड़े किसानों को पांच टोकन देने की मांग रखी गई.
गोवंश, बिजली और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे
12 सूत्रीय ज्ञापन में गौ वंदन योजना लागू कर उसे जीरामजी योजना से जोड़ने की मांग भी है. संघ ने सड़कों पर घूम रहे गोवंश को किसानों को सौंपने और उनकी देखरेख के लिए 50 रुपए प्रतिमाह देने की मांग की. इसके अलावा अरपा-भैंसाझार योजना पूरी करने, बिजली विभाग के निजीकरण पर रोक लगाने और भूमि अधिग्रहण में भारतीय एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर का डिक्लरेशन लागू करने की मांग की गई. किसानों ने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया.
