बिलासपुर के चकरभाठा स्थित बिलासा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए विमान सेवा करीब डेढ़ महीने बाद फिर शुरू होगी. एलायंस एअर के विंटर शेड्यूल के अनुसार यह सेवा 25 अक्टूबर से 27 मार्च 2027 तक संचालित होगी. नए शेड्यूल में रविवार को बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान के समय में भी बदलाव किया गया है. अब यह उड़ान शाम के बजाय दोपहर 12 बजे रवाना होगी.
विंटर शेड्यूल में बिलासपुर से दिल्ली, अंबिकापुर, प्रयागराज और कोलकाता के लिए अलग-अलग दिनों में उड़ानें रखी गई हैं. सोमवार और बुधवार को दिल्ली-बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली रूट पर सेवा होगी. सोमवार को दिल्ली से विमान सुबह 8:20 बजे रवाना होकर 10:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगा. इसके बाद 11:20 बजे बिलासपुर से अंबिकापुर के लिए उड़ान होगी, जो 12:05 बजे पहुंचेगी. अंबिकापुर से दिल्ली के लिए विमान 12:30 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजे पहुंचेगा.
बुधवार को दिल्ली से विमान सुबह 8 बजे उड़ान भरकर 10:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगा. बिलासपुर से अंबिकापुर के लिए उड़ान सुबह 11 बजे निर्धारित है. अंबिकापुर से दिल्ली के लिए विमान दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर 2:40 बजे पहुंचेगा.
प्रयागराज और दिल्ली के लिए उड़ानों का समय
शुक्रवार और रविवार को बिलासपुर-प्रयागराज-दिल्ली तथा दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर रूट पर सेवा निर्धारित की गई है. शुक्रवार को दिल्ली से विमान सुबह 8 बजे रवाना होकर 10:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 11 बजे प्रयागराज के लिए उड़ान भरेगा. प्रयागराज से दिल्ली के लिए विमान 12:40 बजे रवाना होकर 2:30 बजे पहुंचेगा.
रविवार को प्रयागराज से विमान सुबह 10:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगा. इसके बाद बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान दोपहर 12 बजे रवाना होकर 2:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी. यही वह उड़ान है, जिसका समय शाम से बदलकर दोपहर किया गया है.
शुक्रवार और रविवार को कोलकाता सेवा
शुक्रवार को कोलकाता से विमान सुबह 11:40 बजे रवाना होकर 1:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगा. वापसी में बिलासपुर से विमान 1:55 बजे उड़ान भरकर शाम 4:10 बजे कोलकाता पहुंचेगा. रविवार को कोलकाता से उड़ान सुबह 9:30 बजे रवाना होकर 11:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगी. बिलासपुर से वापसी की उड़ान 11:40 बजे होगी और विमान दोपहर 1:30 बजे कोलकाता पहुंचेगा.
नई उड़ान नहीं मिलने पर समिति नाराज
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कोलकाता सेवा बहाल होने का स्वागत किया, लेकिन बिलासपुर के लिए नई उड़ान नहीं मिलने पर नाराजगी जताई. समिति का कहना है कि राज्य सरकार की अनुशंसा और सब्सिडी से रायपुर से नई उड़ानें शुरू की जा रही हैं, जबकि बिलासपुर को अभी मुख्य रूप से एलायंस एअर की सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है. समिति ने अंबिकापुर-बिलासपुर-जगदलपुर होकर हैदराबाद और बिलासपुर-रीवा-दिल्ली उड़ान शुरू करने की मांग रखी है.
