छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलासपुर में प्रस्तावित कोनी-मोपका बाईपास के निर्माण की समय-सीमा तय नहीं होने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से जवाब मांगा है. चीफ जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल की डिवीजन बेंच ने NHAI के अधिवक्ता को इस संबंध में आवश्यक निर्देश लेकर अगली सुनवाई में उपस्थित होने को कहा है.
यह सुनवाई प्रदेश की खराब सड़कों से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर हुई. अदालत पहले भी NHAI और राज्य शासन को सड़कों की स्थिति सुधारने को लेकर निर्देश दे चुकी है. सुनवाई के दौरान सामने आया कि 31 अगस्त 2026 के एक पत्र के संदर्भ में NHAI द्वारा बनाए जाने वाले कोनी-मोपका बाईपास प्रोजेक्ट को पूरा करने की कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं है.
रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर भी जवाब मांगा
मामले में नियुक्त न्यायमित्र ने 9 सितंबर 2026 की एक खबर का हवाला देते हुए रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की खराब स्थिति की जानकारी दी. हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए NHAI को दो सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले सप्ताह में तय की है.
चार सड़क परियोजनाओं की स्थिति रिपोर्ट पेश
राज्य सरकार की ओर से लोक निर्माण विभाग के सचिव ने शपथपत्र के साथ शहर और आसपास की चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट पेश की. इनमें 15.315 किलोमीटर लंबी पेंड्रीडीह चौक-नेहरू चौक सड़क, 14.40 किलोमीटर लंबी सीपत-बलौदा, कोरबा रोड, 2.50 किलोमीटर लंबी श्रीकांत वर्मा चौक-सीएमडी चौक लिंक रोड और 13.15 किलोमीटर लंबी भाटापारा-सिमरिया-चंदखुरी सड़क शामिल है.
