बिलासपुर जिले के कोटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सूने मकानों में चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कोरबा से बाइक पर आकर वारदात करते थे.
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने घरों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं. जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम ने कोरबा जिले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने पाली में एक और बिलासपुर के कोटा समेत अन्य ग्रामीण इलाकों में नौ मकानों में चोरी करना स्वीकार किया. उनकी निशानदेही पर करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद, एक बुलेट, एक अन्य बाइक और क्रेटा कार जब्त की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव, भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी और राज प्रजापति के रूप में हुई है. तीनों कोरबा के मानिकपुर के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा खरीदी थी और उसकी किश्तें भी उसी रकम से चुका रहा था. पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र सिंह राठौर पहले एक स्कूल में प्राचार्य रह चुका है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
