बिलासपुर जिले के कोटा में हनी बी रिसॉर्ट के मैनेजर आकाश तिवारी को तीन लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. शिकायतकर्ताओं ने उस पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. तीनों मामलों में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.
रेस्ट हाउस रोड निवासी बिजली मिस्त्री विकास बानी ने पुलिस को बताया कि वह रास्ते से जा रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान आकाश तिवारी कार से वहां पहुंचा और उन्हें रोककर गाली-गलौज की. शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद कार लेकर चला गया.
कार रोकने और चाबी छीनने का आरोप
चंडी माता चौक निवासी व्यवसायी उमेश अग्रवाल के अनुसार, वह कार से घर लौट रहे थे. हटरी चौक-स्टेशन रोड के पास आकाश तिवारी ने कथित तौर पर उनकी कार रोक ली. उमेश ने आरोप लगाया कि आकाश ने गाली-गलौज करते हुए कार की चाबी छीन ली और उनके साथ मारपीट की. उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी नशे में था और किसी की बात नहीं सुन रहा था.
पड़ावपारा राम मंदिर चौक निवासी सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुदामा प्रसाद मिश्रा ने भी शिकायत दर्ज कराई. उनके मुताबिक, आकाश रिश्ते में उनका भांजा है और पहले भी घर आकर गाली-गलौज, धमकी और तोड़फोड़ कर चुका है. आरोप है कि रात में वह दरवाजा तोड़कर घर में घुसा और मारपीट की. इस दौरान सुदामा प्रसाद की पत्नी से धक्का-मुक्की की बात भी शिकायत में कही गई है.
स्थिति बिगड़ने पर दंपती घर से बाहर निकले. पुलिस पेट्रोलिंग वाहन के पहुंचने के बाद वे थाने गए और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
