बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में भाई के साथ हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक युवक पर तब्बल से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में लारीपारा छेरकाबांधा निवासी जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर किया गया.

परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम गांव का अबला साहू उर्फ छोटा जय प्रकाश के छोटे भाई से विवाद कर रहा था. जानकारी मिलने पर जय प्रकाश मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर विवाद शांत कराया. इसके बाद दोनों को घर जाने के लिए कहा गया.

बताया गया है कि इसी दौरान इलाके की बिजली चली गई. आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर अबला साहू अपने घर से तब्बल लेकर आया और जय प्रकाश पर हमला कर दिया. उनके सिर और शरीर पर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया.

शिकायत के बाद आरोपी के फरार होने का दावा

घायल के परिजनों ने कोटा थाने में घटना की शिकायत की है. जय प्रकाश ने आरोप लगाया कि अबला साहू के खिलाफ पहले भी थाने में कई शिकायतें की जा चुकी हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

स्थानीय लोगों ने भी आरोपी पर पहले लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया और उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की. लोगों का दावा है कि पुलिस आरोपी को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है. पुलिस फिलहाल आरोपी को फरार बता रही है. मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तारी या जांच की विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.