बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में बिस्तर में छिपे करैत सांप के डसने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई. घटना शहर से लगे ग्राम ढेका के नयापारा की बताई गई है. बच्चे की पहचान गौरव के रूप में हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार रात खाना खाने के बाद गौरव सोने के लिए बिस्तर पर गया था. इसी दौरान बिस्तर में छिपे सांप ने उसे डस लिया. बच्चे ने रोते हुए अपनी मां को घटना की जानकारी दी.
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर सिम्स में इलाज शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
दो महीनों में सर्पदंश के 46 मरीज
सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के अनुसार, पिछले दो महीनों में सर्पदंश के 46 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे. उनके मुताबिक, अधिकांश मरीज समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बच गए.
अस्पताल प्रबंधन ने बारिश के मौसम में घरों के भीतर भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. डॉक्टरों के अनुसार, सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों में घुस सकते हैं.
सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक, घरेलू उपचार या घाव पर चीरा लगाने में समय न गंवाने की सलाह दी गई है. मरीज को शांत रखकर जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी बताया गया है. सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश से बचने को भी कहा गया है.
