बिलासपुर के कोनी क्षेत्र से लगे लच्छनपुर जंगल में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, मौके से ₹13,900 नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए. कार्रवाई दिवाली से पहले रात में की गई.
टीआई जितेंद्र गुप्ता के अनुसार, पुलिस टीम सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में गश्त और जुआ विरोधी कार्रवाई के लिए निकली थी. इसी दौरान लच्छनपुर के जंगल में कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना मिली. टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की. पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग गए, जबकि 9 लोग पकड़े गए.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगा रहे थे. पकड़े गए लोगों की पहचान शुभम केवंट, दीपक शिकारी, जगन्नाथ साहू, परमेश्वर ध्रुव, गणेश दास मानिकपुरी, अमित कुमार साहू, चंद्रप्रकाश पाटले, अनिल कुमार बंजारे और कृष्ण कुमार सारथी के रूप में हुई है.
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, दिवाली के दौरान जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थानेदारों और जवानों को लगातार गश्त के निर्देश दिए हैं.
