बिलासपुर जिले की अदालत ने एक ही जमीन की दो बार बिक्री से जुड़े विवाद में 1988 के पंजीकृत बैनामे को वैध माना है. अदालत ने 15 मई 2015 को उसी जमीन के लिए की गई रजिस्ट्री को संबंधित सीमा तक शून्य और अप्रभावी घोषित कर दिया. साथ ही, जमीन पर दखल देने से प्रतिवादी पक्ष और उनके माध्यम से दावा करने वालों को स्थायी रूप से रोक दिया गया है.

मामला बिल्हा तहसील के बेल्टुकरी गांव का है. विवाद खसरा नंबर 147 की 0.62 एकड़ भूमि से जुड़ा है. शंभू केवट और उनके दिवंगत भाई राधे केवट ने जनकराम यादव और रामकुमार यादव से 5 जुलाई 1988 को पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए यह जमीन खरीदी थी. इसके बाद 5 अगस्त 1988 को राजस्व अभिलेखों में नामांतरण भी दर्ज हुआ था.

जनकराम यादव की मृत्यु के बाद उनके वारिसों ने उत्तराधिकार के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया. इसके बाद उन्होंने 15 मई 2015 को इसी जमीन का विक्रय पत्र रजनीश पांडेय के पक्ष में कर दिया. इस पर शंभू केवट ने स्वामित्व की घोषणा और हस्तक्षेप रोकने की मांग को लेकर सिविल वाद दायर किया था.

प्रथम सिविल न्यायाधीश, कनिष्ठ श्रेणी, बिल्हा ने 26 अप्रैल 2025 को यह वाद खारिज कर दिया था. इसके खिलाफ शंभू केवट ने नियमित सिविल अपील दायर की.

अपर दशम जिला न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने अपील स्वीकार करते हुए कहा कि मूल मालिक द्वारा जमीन वैध रूप से बेच दिए जाने के बाद वह संपत्ति उसके उत्तराधिकारियों की नहीं रह जाती. अदालत ने 1988 के बैनामे को गवाही से प्रमाणित माना और कहा कि प्रतिवादी पक्ष ने संबंधित गवाह की जिरह में इस प्रमाण को चुनौती नहीं दी. इसी आधार पर निचली अदालत का फैसला निरस्त कर दिया गया.