बिलासपुर के गांधी चौक स्थित 3-ए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में एक इंस्टीट्यूट संचालक पर छात्र-छात्राओं और लाइब्रेरी कर्मचारियों से गाली-गलौज, बदसलूकी और धमकी देने के आरोप लगे हैं. शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, घटना 30 सितंबर की शाम करीब 6 बजे हुई. इस कॉम्प्लेक्स की चौथी मंजिल पर कई लाइब्रेरियां और आईबीटी इंस्टीट्यूट संचालित होते हैं.
शिकायत के अनुसार, आईबीटी इंस्टीट्यूट के संचालक राहुल शुभ लाइब्रेरी में पहुंचे, जहां एक छात्र से उनका विवाद हुआ. आरोप है कि इस दौरान छात्र का कॉलर फाड़ा गया. इसके बाद वहां मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं और लाइब्रेरी संचालक से भी कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी की गई.
इसके बाद राहुल के पूजा लाइब्रेरी पहुंचने का आरोप है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वहां रिसेप्शन पर मौजूद महिला कर्मचारी से भी अभद्रता और गाली-गलौज की गई. पूजा लाइब्रेरी के संचालक मौके पर मौजूद नहीं थे, फिर भी उनके बारे में अपशब्द कहने और महिला कर्मचारी को धमकाने का आरोप लगाया गया है.
शिकायत में ज्ञान लाइब्रेरी में भी कर्मचारियों और छात्रों से विवाद करने की बात कही गई है. आरोप है कि शुभ लाइब्रेरी के छात्रों को कट्टा-पिस्तौल लेकर आने की बात कहकर डराया गया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद लोगों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने तक आरोपी के वहां से चले जाने की बात शिकायतकर्ताओं ने कही है. लाइब्रेरी संचालकों ने CCTV फुटेज पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है. सिटी कोतवाली पुलिस फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
