बिलासपुर जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी झुलस गए. दूसरी घटना में 17 बकरा-बकरियों की जान चली गई.

पचपेड़ी थाना क्षेत्र के लोहर्सी गांव में शनिवार शाम बारिश के दौरान यह हादसा हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बाजार चौक के पास मोंगरा तालाब के नजदीक चार-पांच युवक घूमने गए थे. मौसम बिगड़ने और तेज बारिश शुरू होने के बाद वे तालाब के पास स्थित मंदिर की ओर जाने लगे. इसी दौरान मंदिर के पास तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई.

बिजली की चपेट में आने वालों में 16 वर्षीय उत्तम कोसले, सतीश कोसले, दिनेश कुमार और राजेश कुमार शामिल थे. उत्तम को गंभीर हालत में पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

अन्य तीनों घायलों का उपचार किया गया. उनकी हालत सामान्य बताए जाने के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तम का शव स्वजन को सौंप दिया गया.

कोटा में 17 मवेशियों की मौत

कोटा क्षेत्र की ग्राम पंचायत करगीकला में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे आकाशीय बिजली गिरने से 17 बकरा-बकरियों की मौत हुई. किसान शोभाराम यादव और राजेश साहू इन्हें देवरहा तालाब के पीछे खेत की ओर चराने ले गए थे. इसी दौरान मौसम खराब हुआ और बिजली गिरने से मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, शोभाराम यादव की आठ और राजेश साहू की नौ बकरा-बकरियों की इस घटना में जान गई.