बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते एक परिवार पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, इस घटना में बेटी और दामाद समेत परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना मंगला के धुरीपारा इलाके की बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाले समीर अली ने करीब एक साल पहले मोहल्ले में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था. युवती के परिजन इस शादी से कथित तौर पर नाराज थे.
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर था. इसी दौरान युवती के पिता बलराम कश्यप अपने बेटे के साथ वहां पहुंचे. आरोप है कि बलराम ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था. घर में घुसने के बाद दोनों ने समीर और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला किया.
चीख-पुकार सुनकर समीर की मां शाइस्ता, पिता शाहिद और बहन बीच-बचाव करने पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान उन पर भी चाकू से वार किए गए. हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. एएसपी पंकज पटेल समेत पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं. मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.
