बिलासपुर के चांटीडीह स्थित माधव ट्रेडर्स में ब्रांडेड नाम से संदिग्ध चाय बेचने की सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मारा. टीम ने हिंदुस्तान यूनिलीवर के प्रतिनिधि के साथ दुकान की जांच की. कार्रवाई के दौरान ब्रूक बॉन्ड ताजा चाय के 250 ग्राम वाले 23 पैकेटों पर कंपनी प्रतिनिधि ने आपत्ति जताई.
विभाग ने इन पैकेटों को जब्त कर नमूने परीक्षण के लिए भेजे हैं. फिलहाल चाय के नकली होने की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी. विभाग ने बताया कि कार्रवाई के समय फर्म संचालक इन पैकेटों की खरीदी से संबंधित बिल पेश नहीं कर सका.
खरीदी के दस्तावेजों की जांच
विभाग अब संचालक से खरीदी के बिल और अन्य दस्तावेज हासिल करने की कोशिश कर रहा है. जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि जब्त चाय का स्टॉक कहां से खरीदा गया था और इसकी आपूर्ति किस माध्यम से हुई. नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी मौजूद रहे.
चार महीने पहले मसाले के पैकेट भी जब्त हुए थे
स्रोत के अनुसार, करीब चार महीने पहले व्यापार विहार स्थित श्री मारुति गुड्स गैरेज में भी संदिग्ध नकली मसाले की सूचना पर जांच की गई थी. उस कार्रवाई में एवरेस्ट मीट मसाला के नौ बॉक्स संदिग्ध पाए गए थे. कंपनी प्रतिनिधि ने पैकिंग और उत्पाद को पहली नजर में संदिग्ध बताया था.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि संदिग्ध उत्पादों की आपूर्ति कहां से हुई और उन्हें किस बाजार में भेजा जाना था. हालांकि, चाय के मामले में अंतिम निष्कर्ष नमूनों की जांच के बाद ही सामने आएगा.
