बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार में छात्राओं से उत्तरपुस्तिकाएं जंचवाने, विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, सैनिटरी पैड वितरण में लापरवाही और कथित अवैध वसूली के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है. कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य समेत तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से दूसरे स्कूलों में कार्य करने के लिए भेज दिया है.

कार्रवाई की जद में प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला, संस्कृत व्याख्याता संजय दुबे और अर्थशास्त्र व्याख्याता रश्मि गुप्ता शामिल हैं. विभाग के अनुसार, शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय प्राचार्यों की समिति बनाई गई थी. समिति ने 7 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें तीनों के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए.

जांच में प्राचार्य पर सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने में लापरवाही और विद्यार्थियों से प्रति छात्र 500 रुपये की कथित अवैध वसूली से जुड़े आरोप सही पाए गए. रिपोर्ट के मुताबिक, व्याख्याता रश्मि गुप्ता ने परीक्षा मूल्यांकन और अध्यापन का काम भृत्य से कराया. संजय दुबे पर भी विद्यालय का माहौल खराब करने से जुड़े आरोप प्रमाणित पाए गए.

तीनों को अलग-अलग स्कूलों में भेजा गया

प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सुधार का हवाला देते हुए नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. वेद प्रकाश शुक्ला को हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, संजय दुबे को हायर सेकेंडरी स्कूल ओखर और रश्मि गुप्ता को कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल पचपेड़ी में कार्य करने के लिए कहा गया है. आदेश के अनुसार, तीनों का वेतन मूल संस्था से ही आहरित होगा.

मामला तब सामने आया था, जब छात्राओं से कॉपियां जंचवाने से जुड़े ऑडियो के बाद शिकायतें सामने आईं और छात्राओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया. इसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच कराई. जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडेय ने कहा कि त्रिस्तरीय जांच में प्राचार्य और दोनों व्याख्याताओं के विरुद्ध आरोप प्रमाणित हुए हैं. उन्होंने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालयीन शैक्षणिक वातावरण में सुधार है.