बिलासपुर में एक दवा कारोबारी से करीब 4 लाख रुपए वसूलने का मामला सामने आया है. कारोबारी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम कर चुकी युवती ने पुराने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रकम ली. शिकायत के अनुसार, युवती बाद में उसे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर और पैसे मांगती रही.
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा मेडिकल कॉम्प्लेक्स में कारोबारी विशाल गोयल की दुकान है. शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2015 में युवती काम मांगने आई थी और उसे कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दी गई. नौकरी के दौरान दोनों के बीच मेलजोल बढ़ा और फोन पर बातचीत होने लगी. कारोबारी का आरोप है कि इसी दौरान युवती ने दोनों की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रख लिए.
शिकायत के अनुसार, युवती की बाद में महाराष्ट्र में शादी हुई, लेकिन पति से अलग होकर वह बिलासपुर लौट आई. इसके बाद उसने कारोबारी से फिर संपर्क किया. कारोबारी का आरोप है कि जब उसने संबंध रखने से इनकार किया, तो युवती ने पुराने फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने और उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांगने शुरू किए.
किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर की रकम
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उसने शुरुआत में 2 लाख रुपए दिए. इसके बाद अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन माध्यम से 2 लाख रुपए से अधिक ट्रांसफर किए गए. इस तरह कुल रकम करीब 4 लाख रुपए बताई गई है. आरोप है कि इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रही और रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई.
पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध ऑनलाइन लेन-देन संबंधी साक्ष्यों के आधार पर युवती के खिलाफ एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज किया है. मामले में पुलिस अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है. युवती पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
