बिलासपुर में मेडिकल PG यानी MD में दाखिला दिलाने के नाम पर दो डॉक्टरों से करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है. सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 55 वर्षीय डॉक्टर के बेटे ने 2023 में NEET-PG परीक्षा दी थी और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था. अक्टूबर 2023 में एक आरोपी ने फोन कर MD रेडियोलॉजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का भरोसा दिया. पहले 2.50 करोड़ रुपए मांगे गए, बाद में सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय होने का आरोप है. डॉक्टर से ऑनलाइन और बैंकिंग माध्यमों से 74 लाख 37 हजार 801 रुपए तथा 55 लाख रुपए नकद लिए गए. कुल रकम 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए बताई गई है.

फरवरी 2024 में जारी एडमिशन सूची में बेटे का नाम नहीं आया. इसके बाद आरोपियों ने रकम लौटाने का भरोसा देकर डॉक्टर को कथित तौर पर लंबे समय तक टालते रहे. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने WhatsApp पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर भेजा और बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा. वहां सीट नहीं होने की बात कहकर उसे बेंगलुरु ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया.

आरोप है कि गिरोह ने डॉक्टर के परिचित एक अन्य डॉक्टर से भी PG दाखिले के नाम पर करीब 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए लिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.