बिलासपुर में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के चौथे सेमेस्टर के छात्र अरिहंत दीक्षित ने अपने तीन पुराने सहपाठियों पर अपहरण और मारपीट का आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, छात्र की शिकायत के आधार पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है.

घटना दिवाली की छुट्टियों के दौरान की बताई गई है. शिकायत के मुताबिक, अरिहंत अपने घर बिलासपुर आया हुआ था. पुराने सहपाठियों ने उसे बातचीत के लिए नूतन चौक पर बुलाया. वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठा लिया और कोनी क्षेत्र की सुनसान सड़कों की ओर ले गए.

छात्र का आरोप है कि चलती कार में करीब एक घंटे तक तीनों युवकों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की. हमले में वह घायल हो गया. इसके बाद आरोपी उसे नूतन चौक के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए. अरिहंत किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजन उसे लेकर सरकंडा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी.

पुरानी शिकायत को लेकर रंजिश का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि विवाद की शुरुआत स्कूल के दिनों की एक घटना से हुई थी. अरिहंत के अनुसार, डीएवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने उसकी टोपी खींची थी. उसने इसकी शिकायत शिक्षक से की थी, जिसके बाद संबंधित छात्रों को फटकार लगाई गई थी. आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी वर्षों से उससे रंजिश रखते थे.

पुलिस ने रितिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है.