बिलासपुर. नैला नवरात्र मेले के लिए बिलासपुर और चांपा के बीच चलाई जा रही मेला स्पेशल ट्रेन की व्यवस्थाओं का रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शनिवार रात औचक निरीक्षण किया. इस दौरान स्टेशन पर ट्रेन की जानकारी देने वाला बोर्ड नहीं मिला. डिस्प्ले पर भी ट्रेन से जुड़ी सूचना प्रदर्शित नहीं हो रही थी और यात्रियों के लिए उद्घोषणा की व्यवस्था भी नहीं थी.

महाप्रबंधक ने इन कमियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए. इसके बाद बिलासपुर स्टेशन पर ट्रेन की जानकारी के लिए बोर्ड लगाया गया और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क शुरू की गई. ट्रेन के आने-जाने के समय आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है.

नैला में नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडाल और प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. इसके चलते बिलासपुर, जांजगीर-नैला और आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी है. भीड़ कम करने के उद्देश्य से यह मेला स्पेशल ट्रेन एक दिन में दो फेरे लगा रही है.

पहले फेरे में ट्रेन बिलासपुर से शाम 5:45 बजे रवाना होकर जयराम नगर और अकलतरा में रुकती है. यह शाम 6:45 बजे जांजगीर-नैला और शाम 7:10 बजे चांपा पहुंचती है. चांपा से ट्रेन शाम 7:30 बजे चलकर रात 8:50 बजे बिलासपुर पहुंचती है. दूसरे फेरे में बिलासपुर से ट्रेन रात 9:05 बजे रवाना होती है और रात 9:58 बजे जांजगीर-नैला तथा 10:15 बजे चांपा पहुंचती है.

महाप्रबंधक ने निर्देश दिया कि ट्रेन के संचालन की अवधि में बिलासपुर से इसके रवाना होने और चांपा से लौटकर पहुंचने के समय एक अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह विशेष ट्रेन 20 अक्टूबर तक चलनी है. ट्रेन के संचालन और स्टेशन की व्यवस्थाओं की फोटोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.