बिलासपुर जिले के स्कूलों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और पौष्टिक भोजन से जुड़े मानकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने FOSTAC प्रशिक्षण शिविरों की शुरुआत की है.
विभाग के अनुसार बिल्हा और मस्तूरी विकासखंड के सभी संबंधित महिला समूहों को प्रशिक्षण देने की योजना है. इसके लिए एक निर्धारित कार्यक्रम बनाया गया है, ताकि कोई भी समूह इस प्रक्रिया से बाहर न रह जाए.
इसी क्रम में 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे मस्तूरी स्थित आत्मानंद स्कूल में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. शिविर में भोजन तैयार करने, पकाने, रखने और परोसने के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी वैज्ञानिक और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है. उद्देश्य यह है कि बच्चों को सुरक्षित, संतुलित और पौष्टिक भोजन मिल सके.
प्रशिक्षण के दौरान रसोइयों और भोजन तैयार करने वाली महिलाओं को खाद्य सुरक्षा के नियमों से परिचित कराया जा रहा है. विभाग ने उन महिला समूहों के लिए शिविर स्थल पर ही पंजीयन की व्यवस्था भी की है, जिनका खाद्य विभाग में अब तक पंजीयन नहीं हुआ है.
FOSTAC भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण का प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम है. इसके तहत खाद्य कारोबारियों, रसोइयों और भोजन तैयार करने वाले समूहों को खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वच्छता के तकनीकी मानकों की जानकारी दी जाती है.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने कहा कि बच्चों को मिलने वाला मध्याह्न भोजन सुरक्षित और पौष्टिक होना चाहिए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी भोजन तैयार करने वाला समूह प्रशिक्षण से वंचित न रहे.
