बिलासपुर में नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म और गर्भपात के मामले में तोरवा पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. पुलिस का आरोप है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उसका गर्भपात कराया. जांच एजेंसी के मुताबिक, गर्भपात के बाद भ्रूण को मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया.
गिरफ्तार डॉक्टर की पहचान उसलापुर निवासी सुब्धा मसीह (43) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान गर्भपात की प्रक्रिया में उनकी भूमिका से जुड़े साक्ष्य मिले. डॉक्टर पर आरोप है कि उन्होंने नाबालिग के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी.
मुख्य आरोपी पर क्या आरोप है
पुलिस के मुताबिक, बुधवारी, तोरवा निवासी गणेश सोनी (30) पर नाबालिग को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है. इसी दौरान बालिका गर्भवती हो गई थी. आरोप है कि गणेश सोनी ने महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में उसका गर्भपात कराया. इस मामले में गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है.
पुलिस ने महिला डॉक्टर को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की जा रही है. कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने की.
तोरवा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238 और 3(5) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत मामला दर्ज है. पुलिस के आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है.
